भारत के पूर्व प्रधानमंत्री Dr. Manmohan Singh के अंतिम संस्कार के लिए स्थान निर्धारित हो चुका है। शुक्रवार को कई नेताओं ने दिवंगत नेता को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री Dr. Manmohan Singh का निधन 26 दिसंबर 2024 को रात 9:51 बजे दिल्ली के एम्स अस्पताल में हुआ। वह 92 वर्ष के थे और उनकी तबियत बिगड़ने के बाद उन्हें एम्स के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और देश के अन्य प्रमुख नेताओं ने शुक्रवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। अब, यह जानकारी सामने आई है कि डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार कहां होगा।
पूर्व प्रधानमंत्री Dr. Manmohan Singh की अंतिम यात्रा शनिवार, 28 दिसंबर 2024 को सुबह 9:30 बजे शुरू होगी। उनका पार्थिव शरीर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मुख्यालय से श्मशान घाट तक लाया जाएगा। अंतिम संस्कार दिल्ली के निगमबोध घाट पर शनिवार को सुबह 11:45 बजे किया जाएगा।
राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक पत्र जारी किया है। मंत्रालय के संयुक्त सचिव, जी. पार्थसारथी द्वारा जारी इस पत्र में कहा गया है कि डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा, और रक्षा मंत्रालय से इस संबंध में उचित व्यवस्था करने का अनुरोध किया गया है।
मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर को उनके आवास ‘3 मोतीलाल नेहरू मार्ग’ पर फूलों से सजे ताबूत में रखा गया था। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित कई प्रमुख नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके पार्थिव शरीर को शनिवार सुबह कांग्रेस मुख्यालय ’24 अकबर रोड’ पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा, जहां से सुबह साढ़े नौ बजे उनकी अंतिम यात्रा प्रारंभ होगी।

